समाजवादी पार्टी से सांसद आजम खां और पूर्व सीओ सिटी आलेहसन खां को भूमाफिया घोषित करने की तैयारी शुरू हो गई है। संभवत: अगले एक या दो दिन में दोनों का नाम एंटी भू-माफिया पोर्टल भी यह अपलोड कर दिए जाएंगे, जिसके बाद सरकार की ओर से निरंतर निगरानी की जाएगी।
सांसद आजम खां और पूर्व सीओ सिटी आलेहसन खां की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन का शिकंजा कसने के साथ ही दोनों के खिलाफ भू-माफिया घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल, एक दिन पहले से ही आजम खां और आलेहसन खां के खिलाफ ग्रामीणों की जमीनों को कब्जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह मुकदमा आईपीसी की धारा 342 यानी किसी भी व्यक्ति को गलत तरीके से प्रतिबंधित करने, धारा 447 यानी आपराधिक अत्याचार करने, धारा 506 अर्थात धमकाने और धारा 384 यानी किसी व्यक्ति को मृत्यु या गंभीर आघात के भय में डालकर जबरन वसूली करने के आरोप में दर्ज किया गया है। इससे पहले कोसी नदी की जमीन पर कब्जा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही अब प्रशासन की ओर से दोनों के ही खिलाफ भू-माफिया घोषित करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि सांसद और पूर्व सीओ के खिलाफ जमीन कब्जाने के एक से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। प्रदेश सरकार के एंटी भू-माफिया पोर्टल पर दोनों की जानकारियां अपलोड की जाएंगी, जिसके बाद सरकार की ओर से निरंतर निगरानी की जाएगी।