मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में तरबूज का दाम कम न करने पर कुछ लोगों ने फल विक्रेता पर हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मझोला थानाक्षेत्र के मिलक वाली मस्जिद के पास रहने वाले तसलीम खान फल बेचता है। बुधवार को तरबूज बेच रहा था। इसी दौरान वहां जयंतीपुर निवासी शाकिर आया और तरबूज के भाव पूछने लगा। फल विक्रेता ने तरबूज के दाम 15 रुपये होने की बात कही। इस पर शाकिर ने दाम कम करने को कहा। इस बीच उसके दो साथी भी आ गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर हमला बोल लिया। पीड़ित ने मझोला थाने में आरोपी शाकिर, यामीन और बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।