जीएमडी रोड और लाइनपार में मंडी समिति रोड की दुकानों के आगे कहीं पड़ा मलबा तो कहीं खोदे गए गड्ढे, ग्राहक नहीं आने से व्यापारी परेशान
(फोटो)
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। होली और ईद की तैयारियों के लिए शहर के कई बाजारों में भीड़ उमड़ रही है तो वहीं जीएमडी रोड और लाइनपार में मंडी समिति रोड के दुकानदार लाचार हैं। किसी दुकान के आगे नगर निगम द्वारा नाली सफाई कर मलबा डाल दिया गया है तो कहीं नाला निर्माण के लिए खोदाई कर मिट्टी के ढेर दुकान के आगे छोड़ दिए गए हैं। इसके कारण ग्राहक न आने से व्यापारी परेशान हैं। स्मार्ट सिटी और नगर निगम के अधिकारियों को इसकी चिंता नहीं है।
जीएमडी रोड पर बुध बाजार चौराहे से ताड़ीखाना तिराहा तक की सड़क को स्मार्ट बनाने का काम चल रहा है। इस मार्ग पर फसाड, नाला निर्माण और बिजली के तारों, पाइप लाइनों को अंडरग्राउंड करने का काम चल रहा है, लेकिन यह कार्य मनमाने ढंग से किया जा रहा है। जिसकी वजह से करीब तीन सौ मीटर क्षेत्र में दुकानों के आगे नाले की खोदाई दस दिन पहले कर छोड़ दी गई।
निकाली गई मिट्टी को भी बराबर नहीं किया गया है। दिनभर धूल उड़ने से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना कि वह स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से जल्द काम समाप्त कराने की गुहार कई बार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। यही स्थिति सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाई जा रही मंडी रोड की है। यहां दुकानों के आगे नाला खोदा गया है। इससे ग्राहकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। होली और ईद का त्योहार नजदीक आने से व्यापारी बेहद परेशान हैं।
0000
व्यापारियों ने बयां किया दर्द
स्मार्ट सिटी का काम मनमाने तरीके से किया जा रहा है। सात दिन पहले दुकान के आगे नाला खोदकर छोड़ दिया। काम बंद है। पूछने पर ठेकेदार लेबर नहीं होने की बात कहते हैं। खुद मजदूर लगवाकर मिट्टी बराबर करा रहा हूं। दुकान के आगे गड्ढा होने के कारण ग्राहक भी नहीं आ रहे हैं। होली में चंद दिन बाकी है, लेकिन बिक्री नहीं हो रही है।
- विनोद कुमार, व्यापारी, जीएमडी रोड
000
(फोटो अनुज गगनेजा)
दुकानों के आगे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। इससे पहले साइड पटरी निर्माण के लिए खोदाई की गई थी। जनवरी और फरवरी की सहालग इसके चलते फीकी रही। पिछले छह महीने से पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। जिससे दुकान में रखा सामान भी खराब हो रहा है। सहालग का सीजन फीका गुजर गया। अगर जल्द व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो होली और ईद भी फीकी रह सकती है।
- अनुज गगनेजा, व्यापारी जीएमडी रोड
000
दस दिन पहले जेसीबी के साथ आई नगर निगम की टीम ने घर और दुकान के आगे पहले से बने नाले से सटाकर गहरा गड्ढा खोद दिया। पूछने बताया गया कि जल निकासी की व्यवस्था के लिए नए नाले का निर्माण किया जाएगा, लेकिन गड्ढा खोदकर छोड़ने के बाद कोई काम नहीं हुआ। अब दुकान तक ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं। बिक्री पूरी तरह बंद है। एक किरायेदार दुकानदार ने दस दिन में परेशान होकर दुकान ही खाली कर दी। - अजय सैनी, व्यापारी, मंडी समिति रोड
जीएमडी रोड पर पहले ही कार्यदायी एजेंसी को काम में तेजी लाने का आदेश दिया गया है। इसके बाद भी काम में ढिलाई बरती जा रही है तो निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को होली, ईद पर किसी तरह की दिक्कत न हो इसका प्रयास किया जाएगा।
- एके मित्तल, मुख्य अभियंता, स्मार्ट सिटी