सपा विधायक नवाज जान खां के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सऊदी में बैठे युवक ने फेसबुक पर विधायक के खिलाफ कमेंट लिखा ही था कि इधर आधा घंटे के भीतर पुलिस ने ठाकुरद्वारा में मौजूद उसके परिवार को उठाकर हवालात में बंद कर दिया।
विधायक जी सभी को जेल भिजवाने पर अड़ गए। लेकिन बाद में परिजनों के माफी मांगने और एफबी पर माफीनामा पोस्ट करने पर उनका दिल पसीज गया। पुलिस ने युवक के परिजनों को छोड़ दिया लेकिन युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान खां सोमवार की शाम शरीफनगर गांव में आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। कार्यक्रम के फोटो मोहल्ला ताली निवासी मुलायम यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष अख्तर अली खां ने फेसबुक पर पोस्ट किए थे।
फोटो देखकर सऊदी अरब में रहने वाले ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ही गांव शरीफनगर निवासी आफताब पुत्र मोइनुद्दीन ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। टिप्पणी पढ़कर विधायक समर्थक आक्रोशित हो गए और एक दूसरे खिलाफ कमेंट करने का सिलसिला शुरू हो गया।
इसके बाद आफताब के खिलाफ एकजुट होकर विधायक समर्थक कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया। मामला विधायक से जुड़ा था लिहाजा पुलिस ने अख्तर अली की तहरीर पर आफताब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रिपोर्ट तो आफताब के खिलाफ थी लेकिन विधायक को खुश करने के लिए पुलिस ने तुरंत छापा मारकर आफताब के दोनों भाइयों को उठा लिया और हवालात में बंद कर दिया। आफताब के परिजनों ने विधायक नवाब जान खां के पास पहुंचकर उनसे माफी मांगी।
सऊदी में बैठे आफताब से कहा गया वह तुरंत विधायक से माफी मांागते हुए एक माफीनामा फेसबुक पर पोस्ट करे। युवक ने एफबी पर माफीनामा पोस्ट किया। इसके बाद ही विधायक का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने पुलिस ने आफताब के परिजनों को छोड़ने को कहा। पुलिस का कहना है कि आफताब के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट पर तफ्तीश की जा रही है, उसे खत्म नहीं किया गया है।