कुंदरकी। भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार को भारत छोड़ो दिवस 84वीं वर्षगांठ पर किसानों द्वारा ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
भाकियू टिकैत युवा के जिलाध्यक्ष ऋषभ सांगवान के नेतृत्व में किसान ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा हाईवे स्थित हुसैनपुर छिरावली से शुरू हुई जोकि मुरादाबाद आगरा हाईवे से होते हुए कुंदरकी में ब्लॉक कार्यालय पर पहुंची। यहां पर भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के संबोधित नौ सूत्री ज्ञापन बीडीओ राजेंद्र सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में संसद में बिना चर्चा किए गए भारत अमेरिका समझौतों को रद्द करने, सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी पर सरकारी खरीद के लिए कानून बनाए जाने, किसानों और मजदूरों की आत्महत्याएं रोकने के लिए व्यापक ऋण माफी लागू की जाए और प्रत्येक किसान आत्महत्या पीड़ित के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने और सभी श्रमिकों को 42 हजार रुपये प्रति माह का वेतन देने, मनरेगा को बहाल करके प्रति वर्ष 200 दिनों के रोजगार के साथ न्यूनतम 700 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी दी जाए, विद्युतीकरण निजीकरण विधेयक, बीज विधेयक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों को वापस लेने, जबरन भूमि अधिग्रहण और कॉर्पोरेट समर्थक भूमि पूलिंग को रोककर भूमि अधिकारों की रक्षा की जाए। वहीं स्थानीय मांगों में भारतीय खाद्य निगम की रक्षा, साइलो का निजीकरण को रोकने, उर्वरकों की कमी और कालाबाजारी समाप्त की जाए, सब्सिडी बहाल करके उर्वरकों, ईंधन, पेट्रोल व डीजल की कीमतों को नियंत्रित किया जाए, एक व्यापक सार्वजनिक क्षेत्र की फसल और पशुधन बीमा योजना स्थापित की जाए, जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन और सार्वजनिक निवेश के माध्यम से हर खेत के लिए सिंचाई की जाए, 60 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह की सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाए, पर्याप्त रूप से वित्तपोषित बाढ़ एवं सूखा आपदा राहत सुनिश्चित की जाए, सरकारी समितियों को कॉर्पोरेट के कब्जे से बचाया और सरकारी संस्थाओं का लोकतंत्रीकरण किया जाए, शिक्षा के लिए केंद्रीय बजट बढ़ाया जाए। तिरंगा यात्रा में पउप्र उपाध्यक्ष चौधरी भयराज सिंह, युवा जिलाध्यक्ष ऋषभ सांगवान, मंडल सचिव आशु बालियान, जिला महासचिव अमित काजला, ब्लॉक महामंत्री रागिब चौधरी, नगराध्यक्ष साजिद खान बबलू, आशीष चौधरी, विपिन चौधरी, फैज सैफी, इरफान मलिक, रियाज मलिक, संदीप सांगवान, विमल लाठर, डॉ नोमान समेत काफी संख्या में किसान रहे। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को थाना प्रभारी हम्बीर सिंह जादौन पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।