फोटो 8 ठाकुरद्वारा मुरादाबाद हाईवे पर गांव फोलादपुर के सामने अपनी मांगों के समर्थन में जाम लगाक
ठाकुरद्वारा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र में ट्रैक्टर तिरंगा रैली निकाली। यूनियन के जिलाध्यक्ष घनेंद्र शर्मा के नेतृत्व में ठाकुरद्वारा मुरादाबाद हाईवे पर गांव फौलादपुर के सामने करीब आधे घंटे जाम लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बाद में कार्यकर्ता ट्रैक्टरों, बाइकों और कारों से यूनियन के मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुरादाबाद रवाना हो गए। इनमें सोमवीर सिंह, युवराज शर्मा, टेकपाल सिंह, शरद सिंह, नौशे अली आदि शामिल रहे। उधर यूनियन के तहसील अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता पुलिस चेक पोस्ट पर एकत्र हुए। वहां से उन्होंने ट्रैक्टर तिरंगा रैली नगर में निकाली। रैली कदीर तिराहा, कमालपुरी चौराहा, कोर्ट रोड, तहसील, अस्पताल रोड से होते हुए बाबू रामपाल द्वार पर पहुंची। वहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। फिर अपनी मांगों के दो ज्ञापन नायब तहसीलदार लोकेश कुमार को दिए। एक राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने केंद्र सरकार से भारत अमेरिका के बीच ट्रेड समझौते को निरस्त करने, सभी फसलों पर एमएसपी का गारंटी कानून लागू करने की मांग की है। दूसरे उप जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने, क्षेत्र में तेंदुए के आतंक से मुक्ति दिलाने, ठाकुरद्वारा सुरजननगर मार्ग की मरम्मत के बाद सड़क की हालत फिर खस्ता हालत में हो जाने पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी, उदय पाल सिंह, शिवराज सिंह बिश्नोई आदि शामिल रहे।