फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: कृषि उपसंभाग कार्यालय बंद रहने पर किसानों ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। नगर स्थित कृषि रक्षा इकाई के राजकीय कृषि बीज गोदाम पर बुधवार दोपहर किसानों ने कृषि उपसंभाग कार्यालय बंद रहने पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कृषि, सहकारिता और गन्ना विभाग के अधिकारियों पर मांग के अनुरूप और समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं करने का आरोप लगाया। एडीओ के आश्वासन देने और समझाने पर किसान शांत हुए।
विज्ञापन

राजकीय कृषि बीज गोदाम पर इन दिनों किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं का बीज देने के लिए बुकिंग की जा रही है। बुकिंग कराने किसानों की भीड़ जुटने पर जब कृषि विभाग के कर्मचारियों ने लाइन लगवाई, तभी किसानों में आपस में नोकझोंक और हंगामा शुरू हो गया। लाइन से हटे कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें गेहूं का बीज मिलने में दिक्कत आ रही है और जरूरत के मुताबिक डीएपी व एनपीके खाद नहीं मिल रही है। किसानों के बुलावे पर भाकियू असली के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी महक सिंह और प्रदेश अध्यक्ष युवा ऋषभ चौधरी भी कृषि बीज गोदाम पर पहुंच गए।
यहां किसानों ने भाकियू असली के पदाधिकारियों को बताया कि बिलारी के सहसपुर राजकीय फार्म परिसर में तहसील स्तर का जो उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी का कार्यालय है, वह अक्सर बंद रहता है, ऐसी स्थिति में किसान अपनी समस्याएं लेकर कहां जाएं। उपसंभाग कार्यालय बंद रहने के विरोध में किसानों ने कृषि बीज गोदाम पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। भाकियू असली के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी महक सिंह ने बताया कि उपसंभाग कार्यालय लगातार बंद रहने की शिकायत वह मंडलायुक्त, डीएम और सीडीओ से करेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेंगे।
विज्ञापन

आक्रोशित किसानों को समझाने के लिए एडीओ सचिन मलिक, कृषि रक्षा इकाई प्रभारी मनोज कुमार और ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक देवेंद्र सिंह किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को बताया कि उपसंभाग कार्यालय का भवन पुराना और जर्जर हो जाने की वजह से कृषि विभाग के कर्मचारी वहां नहीं बैठ पा रहे हैं। एडीओ ने यह भी बताया कि फिलहाल कई माह से कृषि उपसंभाग पर स्थायी एसडीओ तैनात नहीं हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें