कांठ। दीवान चीनी मिल अगवानपुर और गन्ना विकास विभाग द्वारा क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में गन्ना उत्पाद बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को दीवान शुगर मिल परिसर से गांव-गांव किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।
इस दौरान बताया गया कि चार प्रचार वाहनों से गांवों में बसंतकालीन गन्ने की बोआई के लिए किसानों से ट्रंच विधि को अपनाते हुए अधिक से अधिक तादाद में को. 0118, को. 15023 जैसी उन्नत प्रजातियों के गन्ने की बोआई करने और अमान्य गन्ना प्रजातियों को न बोने की अपील की जा रही है। इस अवसर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अगवानपुर शीराज मलिक, दीवान चीनी मिल के महाप्रबंधक प्रशासन सुशील कुमार खोखर, महाप्रबंधक गन्ना अध्यासी महेश कुमार पांडे, उप महाप्रबंधक गन्ना राजपाल सिंह, उप महाप्रबंधक गन्ना विकास एन.सी. पंत, गंभीर सिंह आदि के साथ ही मिल स्टाफ और किसान रहे।
दीवान चीनी मिल ने किया 12 जनवरी तक का गन्ना भुगतान
कांठ। गन्ना पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत किसानों से खरीदे जा रहे गन्ने का दीवान चीनी मिल अगवानपुर के द्वारा एक से 12 जनवरी तक का भुगतान किसानों को कर दिया है। मिल के महाप्रबंधक प्रशासन सुशील कुमार खोखर ने बताया कि मिल के क्रय केंद्रों और मिल गेट पर खरीदे गए 4.76 लाख क्विंटल बनने का 18.71 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के बैंक खातों में भेज दिया गया है। साथ ही साथ समिति एवं परिषदों का 12 जनवरी तक का अंशदान के 26.20 लाख रुपये भी भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगे भी प्रयास है कि किसानों को समय पर गन्ना भुगतान दिया जा सके। उन्होंने किसान अपील की है कि मिल को साफ, स्वच्छ, जड, अगोला, पत्ती रहित गन्ना आपूर्ति ही करें। कोल्हू, क्रशर में गन्ना न देकर मिल को ही दें। संवाद