अंबाला रेल मंडल के शंभू स्टेशन पर किसानों का आंदोलन जारी है। इस कारण सप्ताह भर से मुरादाबाद मंडल की 10 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। पंजाब जाने वाले यात्रियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पांच स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें दिल्ली व राजस्थान से बिहार के बीच चलेंगी। (05301-02) मऊ-आनंद विहार-मऊ स्पेशल एक्सप्रेस 25 अप्रैल से 27 जून तक हर बृहस्पतिवार को चलेगी। इसमें स्लीपर व एसी कोच होंगे।
मंडल के बरेली व मुरादाबाद स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। (05309-10) मऊ-आनंद विहार-मऊ स्पेशल एक्सप्रेस 28 अप्रैल से 23 जून तक हर मऊ से हर रविवार व आनंद विहार से हर सोमवार को चलेगी। मंडल के बरेली व मुरादाबाद स्टेशन पर इसका ठहराव होगा।
(05721-22) कटिहार-आनंद विहार-कटिहार स्पेशल एक्सप्रेस 24 अप्रैल से 27 जून तक आनंद विहार से हर बुधवार व कटिहार से हर बृहस्पतिवार को चलेगी। मंडल में चंदौसी, मुरादाबाद व हापुड़ स्टेशनों पर रुकेगी।
(04721-22) बीकानेर-दानापुर-बीकानेर स्पेशल एक्सप्रेस दो मई से 28 जून तक बीकानेर से हर बृहस्पतिवार व दानापुर से हर शुक्रवार को चलेगी। मंडल में मुरादाबाद व बरेली स्टेशनों पर ठहरेगी। (04049) मुजफ्फरपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस 25 अप्रैल को चलेगी।
मंडल में मुरादाबाद स्टेशन पर इसका ठहराव होगा। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि इन ट्रेनों में सामान्य कोच भी होंगे। यात्री जनरल टिकट लेकर सफर कर सकेंगे।