कांठ। क्रय केंद्र पर धान की तौल के लिए आनाकानी करने और अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया और केंद्र प्रभारी से भी धान की तौल करने के लिए कहा।
शासन के निर्देश पर धान खरीद वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कांठ क्षेत्र में सात क्रय केंद्र खोले गए हैं। जिनमें से मंडी समिति में खाद्य विभाग के चार, सहकारी समिति मौहड़ी हजरतपुर, फत्तेहपुर विश्नोई और फूलपुर मिठ्ठनपुर में एक-एक क्रेंद्र स्थापित है। इन सभी किसानों से धान खरीदने के निर्देश उच्चाधिकारियों ने दिए हुए हैं लेकिन केंद्र पर अव्यवस्थाएं होने और नियमानुसार धान की तौल नहीं करने से किसानों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर शनिवार को कांठ में सहकारी समिति मौहड़ी हजरतपुर स्थित धान क्रय केंद्र पर तौल करने में आनाकानी करने को लेकर कुछ किसानों ने हंगामा करते हुए नाराजगी जताई।
उनका कहना था कि वह तड़के से धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर यहां खड़े हैं, लेकिन कोई भी सुनाई नहीं हो रही है। बात बढ़ने पर समिति सचिव ने पुलिस को बुला लिया। वहीं समिति के चेयरमैन सुनील कुमार चौहान भी आ गए।
किसान नवनीत कुमार आदि का कहना था कि दिवाली से पहले से उनके नंबर समिति पर धान की तौल कराने के लिए लगे हुए हैं, लेकिन यहां तौल करने में टालमटोल की जा रही है और बिना नंबर वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के धान की तौल की जा रही है, जोकि नियम विरूद्ध है।
थाने के उपनिरीक्षक संजीव कुमार और समिति चेयरमैन सुनील कुमार चौहान ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया और क्रय केंद्र प्रभारी सहित समिति स्टाफ से धान की तौल कराने के लिए कहा। इसके बाद जैसे-तैसे मामला शांत हो सका।