ठाकुरद्वारा। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दाैरान किसानों ने दर्ज शिकायत की रसीद नहीं मिलने पर हंगामा किया। विवाद बढ़ने पर किसानों ने तहसीलदार से शिकायत की। तहसीलदार ने किसानों को शिकायत की रसीद दिलवाकर मामले को शांत कराया।
तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दाैरान 41 लोगों की समस्याएं दर्ज की गई। समाधान दिवस में सीडीओ के आने का कार्यक्रम था लेकिन उनके न आने पर एसडीएम प्रीति सिंह ने समस्याओं को सुना। गांव पसियापुर पदार्थ के किसानों ने समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेतों में नहर का पानी घुस रहा है। इससे उनकी 20 बीघा में खड़ी गेहूं, लाइ, गन्ने की फसल बर्बाद हो रही है। इसका कारण उन्होंने गांव के दो कॉलेज के बीच रास्ते को ऊंचा कर देना बताया। किसान लोकपाल सिंह, रामकिशोर, कमलेश देवी का कहना था कि उन्होंने इसकी शिकायत समाधान दिवस में दी थी लेकिन अब उन्हें शिकायत की रसीद नहीं दी गई। इस पर उन्होंने प्रदर्शन कर हंगामा किया। नुकसान की क्षतिपूर्ति देने की मांग की। फिर तहसीलदार से शिकायत की। तहसीलदार ने बताया कि उनकी शिकायत के समाधान के लिए एसडीएम ने एसडीओ सिंचाई को लिख दिया है। बाद में तहसीलदार के आदेश पर संबंधित कर्मचारियों ने उन्हें उनकी शिकायत की रसीद देकर उन्हें शांत किया। समाधान दिवस में आई सभी समस्याओं का मानक के अनुसार निस्तारण करने का आदेश संबंधित विवाह के अधिकारियों को दिए गए। एक भी समस्या का मौके पर निस्तारण नहीं हुआ। इस दौरान तहसीलदार प्रवीण कुमार, नायब तहसीलदार आदित्य कुमार मौर्य आदि ने समस्याओं के सुनवाई में सहयोग किया।