संभल के रायसत्ती थाने में जाने माने हेयर ड्रेसर जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब व सहयोगी नई सराय निवासी सैफुल के खिलाफ अलग-अलग तहरीर के आधार पर पांच और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। ठगी के शिकार लोगों की तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अभी तक पुलिस के सामने 35 पीड़ित लोग पहुंच चुके हैं। कॉइन में निवेश के नाम पर यह ठगी की गई। इस मामले में अब तक 20 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
पीड़ितों के अनुसार संभल और उसके आसपास के रहने वाले सैकड़ों लोगों से करीब पांच करोड़ रुपये की ठगी होने का अनुमान है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला निवासी सुहेब, मदाला फत्तेहपुर निवासी अजीम, अकबरपुर गहरा निवासी आगोशे चमन, हुमा फराज और नखासा थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर देव निवासी अंसार हुसैन की तहरीर के आधार पर यह रिपोर्ट दर्ज की गई है।