फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: लकड़ी के पुल की बल्ली टूटने से गांगन नदी में गिरा बाइक सवार परिवार, महिला की मौत, बच्चा लापता

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में हर्बल पार्क के पास शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे मलकद्दा चट्टा पुल (लकड़ी का पुल) पर बल्ली टूटने से बाइक सवार परिवार उफनाई गांगन नदी में गिर गया। बाइक चालक युवक और उसके दो बच्चों को तो आसपास के लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन युवक की पत्नी किरन (32) और सात माह का बेटा केशव पानी में बह गए। स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किरन का शव बरामद कर लिया लेकिन बच्चे की तलाश जारी है। युवक अपनी पत्नी को राखी बंधवाने उसके मायके कुंदरकी के गांव नानपुर लेकर गया था। शाम को वहां से लौटते वक्त हादसा हो गया।
विज्ञापन

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर ध्यान सिंह निवासी अनिल जाटव (35) की गांव में परचून की दुकान है। वह राजमिस्त्री के साथ मजदूरी भी करता है। शुक्रवार की सुबह वह बाइक से अपनी ससुराल कुंदरकी के नानपुर गांव में पत्नी किरन (32) और तीन बच्चे प्रियांशु (6), काव्या (4) और केशव (7 माह) को साथ लेकर रक्षाबंधन मनाने गया था। शाम को पति-पत्नी तीनों बच्चों के साथ त्योहार मनाकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। केशव किरन की गोद में था। प्रियांशु बाइक की टंकी पर बैठा था। जबकि काव्या मां-बाप के बीच में बाइक पर थी। शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे बाइक सवार परिवार मझोला थाना क्षेत्र के गांगन नदी स्थित मलकद्दा पुल से गुजर रहे थे। इसी दौरान लकड़ी के बने पुल की बल्ली टूटी और बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। पूरा परिवार बाइक समेत गांगन नदी में गिर गया। हादसे के वक्त उधर से कुछ लोग गुजर रहे थे जिन्होंने शोर मचा दिया। आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े। नदी में कूदकर अनिल और उसके बड़े बेटे प्रियांशु और बेटी काव्या को बाहर निकाल लिया जबकि किरन और केशव बह गए। हादसे की जानकारी मिलने पर आस-पड़ोस के गांवों के लोग भी आ गए और पुलिस को सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टॉर्च की रोशनी में किरन का शव तलाश लिया गया । पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से सात माह के बच्चे की तलाश की जा रही है। अनिल और उसके दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें