दिल्ली हाईवे पर बेखौफ बदमाशों ने बुधवार को आधी रात हाईवे किनारे कार खड़ी इनोवा कार में सवार हापुड़ के परिवार को गन प्वाइंट पर लूट लिया। वारदात पाकबड़ा थाने से चंद कदमों की दूरी पर मझोला क्षेत्र में जीरो प्वाइंट पर हुई।
स्विफ्ट सवार लुटेरों ने हाईवे किनारे इनोवा में सो रहे हापुड़ के सीमेंट सप्लायर और उनके परिवार को गन प्वाइंट पर अगवा किया और लूटपाट करने के बाद हाथ पैर बांधकर सभी को संभल जिले में असमोली थाना क्षेत्र के जंगल में फेंककर फरार हो गए।
घटना का पता चलते ही पुलिस ने सीमाएं सील करके सर्च आपरेशन चलाया लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। हापुड़ के बाबूगढ़ निवासी प्रेम बल्लभ सीमेंट, सरिया और ईंट के सप्लायर हैं। उन्होंने अपना नया मकान रामनगर में बनवाया है।
बुधवार देर रात वह पत्नी, बेटे और साले तेजेंद्र के साथ इनोवा कार से रामनगर जा रहे थे। बुधवार देर रात मझोला थानाक्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास से गुजरते समय प्रेम को नींद आने लगी तो उन्होंने कार हाईवे पर साइड से लगाई और कार में ही सो गए।
रात में करीब दो बजे स्विफ्ट डिजायर कार में सवार पांच बदमाश इनोवा के पास आ धमके। बदमाशों ने इनोवा की ड्राइविंग सीट पर सो रहे व्यापारी से खिड़की खोलने को कहा। खतरे को भांप चुके प्रेम ने शीशा खोलने से इंकार किया तो बदमाशों ने तमंचों की बटों से शीशा तोड़ डाला।
इसके बाद लुटेरों ने इनोवा सवार व्यापारी और उनके पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर कवर कर लिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए इनोवा को खुद ड्राइव करके वापस दिल्ली की ओर ले गए।
लोधीपुर के पास से लुटेरों ने कार हाईवे से नीचे उतार ली और असमोली लिंक रोड पर शहबाजपुर कला के जंगल में पहुंचकर परिवर से कैश, मोबाइल और गहने लूट लिए। लूटपाट करने के बाद पूरे परिवार को हाथपैर बांधकर लुटेरों ने जंगल में फेंक दिया और इनोवा भी छीन ले गए।
तड़के करीब चार बजे परिवार किसी तरह बंधक मुक्त होकर सड़क पर पहुंचा और असमोली पुलिस के गश्ती दल को घटना की सूचना दी। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि मझोला थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे को टीमें गठित की गई हैं।