मुरादाबाद एसओजी और मझोला थाने की पुलिस ने खुशहालपुर में सात लोगों को गिरफ्तार कर नकली शराब की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 20 लाख की कीमत की शराब बरामद की है। छानबीन से पता चला कि गिरफ्तार आरोपी फर्जी बार कोड और नकली सील एवं टैग लगाकर शराब की बोतल तैयार करते थे।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी मुनाजिर ने बताया कि वे कंपनी में तैयार होने वाले अल्कोहल को फर्जी तरीके से खरीदकर मिश्रित शराब बनाते थे। इस मामले में जगदीश और रामसिंह दोनों भाई को अल्कोहल लाने की जिम्मेदारी थी। संजय और उसका भतीजा प्रवेंद्र बोतलों पर लगने वाले ढक्कन, बार कोड, सील लगाने का कार्य करते थे।
जावेद व फैजान खाली बोतल की व्यवस्था करते थे। गिरोह के कुछ साथी इस शराब को अपने निश्चित ठिकानों से मांग के अनुसार शराब की बिक्री करते थे। नामी कंपनियों का टैग होने के कारण शराब आसानी से बिक जाती थी।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी संभल जिले के सिंहपुर साहनी निवासी मुनाजिर उर्फ साहिल, बिजनौर जिले के ख्वाजा अहमदपुर जलाल निवासी संजय कुमार, रामनगर नूरपुर निवासी परवेंद्र, मुरादाबाद जिले के मालतीनगर डिप्टीगंज निवासी तरूण सैनी, निवाड़खास निवासी राम सिंह, डेहरवाली मस्जिद असालतपुर निवासी फैजुर्रहमान उर्फ फैजान, पीर का बाजार करूला निवासी मोहम्मद जावेद शामिल है। गिरफ्तार फजलुरहमान और राम सिंह पर चार चार केस पहले से दर्ज हैं।