थाना कांठ के एक गांव की रहने वाली युवती मझोला क्षेत्र स्थित आरटीओ ऑफिस में काम करती है। युवती के अनुसार छजलैट थाना क्षेत्र के गांव किरतपुरी निवासी मुदित कुमार करीब एक माह से उसका पीछा कर रहा है। आरोपी कई बार उससे छेड़खानी और अश्लील हरकत कर चुका है। मना करने पर उसने युवती के साथ मारपीट की। युवती पांच अप्रैल को आरटीओ ऑफिस के गेट के पास खड़ी थी। इसी समय आरोपी उसके नजदीक आया। उसने युवती से कहा कि यदि तुमने मुझसे बात नहीं की तो गोली मार दूंगा। उसने तेजाब डाल कर चेहरा खराब करने की भी धमकी दी। डरी सहमी युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन उसे लेकर थाने गए और तहरीर दी। इस बारे में सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद छेड़खानी, मारपीट और धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।