कुंदरकी। पुलिस की वर्दी में टेंट की दुकान पहुंचा फर्जी सिपाही कुंदरकी थाने का पता बताकर टेंट का सामान लेकर चंपत हो गया। यह घटना एक नवंबर की है। इस मामले की जानकारी तब हुई, जब टेंट संचालक ने दो दिन पहले युवक को फोन कर सामान लौटाने को कहा तो बोला कि गंगा स्नान के चलते डयूटी करा हूं और वापस लौटते ही टेंट का सामान पहुंचवा दूंगा।
इस मामले में कुंदरकी नगर स्थित गैस एजेंसी के पास रहने वाले टेंट संचालक शाहबुद्दीन ने बृहपतिवार को थाने में तहरीर दी। टेंट संचालक के अनुसार बीते एक नवंबर को उसकी दुकान से एक युवक आया, जो पुलिस की वर्दी में था। उसने बोला कि कुंदरकी थाने में कार्यक्रम है और टेंट का सामान की जरूरत है। पुलिस कर्मी मानकर टेंट संचालक ने 12 हजार रूपये कीमत के दो भगोने उसको दे दिए। जिनको वर्दीधारी ई रिक्शा में रखकर ले गया, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी भगोने वापस नहीं किए। मोबाइल पर भी बात हो रही है, लेकिन वह गुमराह कर रहा है। आरोप है कि युवक की व्हाट्सएप आईडी पर वर्दी पहने फोटो एक युवक के साथ लगा हुआ है। खास बात है कि टेंट का सामान ले जाने वाला कुंदरकी थाने में तैनात नहीं है, यह मामला पुलिस कर्मियों के बीच की चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं टेंट संचालक शाहबुद्दीन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष नसीम खान के तहेरे भाई हैं।
कुंदरकी के थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि कुंदरकी थाने के पते पर एक दुकान से टेंट का सामान ले जाने वाला अनूपशहर का बताया जा रहा है। उसकी व्हाट्सएप आर्ईडी पर एक युवक के साथ वर्दी पहने फोटो भी लगी है, जिसके आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह पुलिस विभाग है या नहीं। पुलिस टीम भी अनूपशहर को भेजी गई है। इसके उपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।