निर्यातकों ने अपनी समस्याओं को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त से मुलाकात की। जिसमें कई मुद्दों पर चर्चा करने साथ ही जल्द समाधान की मांग रखी। मंडलायुक्त ने उनके उठाए मुद्दों में महत्वपूर्ण मुद्दों को शासन को भेजने का आश्वासन दिया।
सोमवार शाम को हुई बैठक में निर्यातकों ने मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा से फैक्ट्री एरिया में एफएआर बढ़ाए जाने, डेवलपमेंट चार्ज कम करने, नगर निगम की ओर से लगाए गए हाउस टैक्स का आंकलन सही से कराने की मांग रखी। इसके अलावा कहा गया कि एमडीए बोर्ड में निर्यातकों का प्रतिनिधित्व नहीं है। जबकि मुरादाबाद में एक्सपोर्टर्स के बिना कल्पना नहीं की जा सकती। दूसरा सरकार इंडस्ट्री का सर्कल रेट ना बढ़ाए।
वहीं पंडित नगला बाईपास का लैंड यूज चेंज हो जाने से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी नहीं मिल पा रही हैं। वहां जो फैक्ट्रियां है उन्हें वहीं लगा रहने दिया जाए और इंडस्ट्री की सुविधाएं प्रदान की जाएं। निर्यातकों ने कहा कि नगर निगम फैक्ट्रियों से 200 रुपये प्रति हार्सपावर की दर से जेनरेटर का चार्ज वसूलता है।
जबकि सभी फैक्ट्रियां नियमों को पूरा करती हैं। इसे बंद किया जाना चाहिए। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के सचिव अजय गुप्ता, प्रवक्ता सतपाल, अब्दुल अजीम, मो. मंसूर आदि मौजूद रहे।