मुरादाबाद। निर्यात कारोबार में आ रहीं दिक्कतों और जीएसटी रिफंड में तेजी लाने की मांग को लेकर एक्सपोर्टर्स वॉइस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को जीएसटी सेंट्रल विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने निर्यातकों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और लंबित रिफंड फाइलों को जल्द निस्तारित करने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने निर्यातकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एक्सपोर्टर्स वॉइस एसोसिएशन के महासचिव विशाल अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जीएसटी सेंट्रल कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त जीएसटी सेंट्रल मनोज कुमार सिंह से मुलाकात कर निर्यात कारोबार में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की। निर्यातकों ने कहा कि जीएसटी रिफंड की फाइलें जल्द पास होने से कारोबारियों को राहत मिलेगी और व्यापार में पूंजी का प्रवाह बना रहेगा। उन्होंने रिफंड प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
इस पर सहायक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि विभागीय स्तर पर निर्यातकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। रिफंड प्रक्रिया को जल्द से जल्द तेज करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से सहायक आयुक्त मनोज कुमार सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल में निदेशक राजीव भांडुला, कोषाध्यक्ष रजत सिंघल और निदेशक हरविंदर सिंह शामिल रहे।