मुरादाबाद। दिवाली से पहले जीएसटी विभाग की ओर से माल की जांच और सचल दल की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी कार्यालय पहुंचकर अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह और ग्रेड-2 आरए सेठ से मुलाकात की। व्यापारियों ने कुछ स्थानों पर सचल दल की कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा से माल ले जाने वाले कारोबारियों को परेशान करने और अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने अधिकारियों को बताया कि चक्कर की मिलक की तरफ ताजपुर और जामा मस्जिद की तरफ रामगंगा पुल पार जाने वाले मार्गों पर सचल दल की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माल की ढुलाई या उत्पाद तैयार कराने के लिए ई-रिक्शा से भेजे जाने वाले माल को रोक लिया जाता है। इसके बाद पैसे लेकर माल छोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। व्यापारियों ने इस तरह की कार्रवाई की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। शिकायतें सुनने के बाद जीएसटी अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने व्यापारियों से माल के साथ मैन्युअल चालान रखने को कहा, ताकि माल वापसी या तैयारी के लिए भेजे जाने की स्थिति में उसके संबंध में जानकारी उपलब्ध रहे। प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों ने व्यापारियों से नियमानुसार कर जमा करने और कारोबार में आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सूचित गुप्ता, मोहम्मद सदीक, मोहम्मद शहजाद, अरमान और आलोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।