मुरादाबाद। नोएडा में 14 फरवरी से शुरू होने वाले आईएचजीएफ दिल्ली फेयर(स्प्रिंग) से पीतलनगरी के निर्यातकों को काफी उम्मीदें हैं। अमेरिका के साथ ट्रेड डील फाइनल होने के बाद इस फेयर से शहर के निर्यातकों को बड़े आर्डर मिलने की संभावनाएं हैं। निर्यातकों का मानना है कि इस फेयर में बड़ी संख्या में अमेरिका व यूरोपीय संघ के खरीदार आएंगे। जिनसे ट्रेड डील के बाद अच्छा कारोबार मिलने की उम्मीद है। इस फेयर में हिस्सा लेने के लिए शहर से करीब डेढ़ हजार निर्यातकों ने अपने स्टाल की बुकिंग करा ली है।
हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद(ईपीसीएच) की ओर से आयोजित आईएचजीएफ दिल्ली फेयर(स्प्रिंग) 14 फरवरी से 18 फरवरी तक लगेगा। ईपीसीएच के अनुसार फेयर में मुरादाबाद के 1500 से अधिक निर्यात स्टाल लगाएंगे। इसमें पीतलनगरी के 450 निर्यातकों ने मार्ट बुक करा लिया है। बाकी के निर्यातक स्टाल पर हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। साल 2025 में 50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ की वजह से पीतलनगरी के निर्यातकों को कोई खास आर्डर नहीं मिला था। लेकिन इस बार अमेरिका की ओर से यह टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है इससे निर्यातकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। ईपीसीएच के मुख्य संयोजक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि सैकड़ों अमेरिकी खरीदारों ने नोएडा में होटल बुक करा लिया है। इस बार फेयर में मुरादाबाद के 75 प्रतिशत से अधिक निर्यातक हिस्सा ले रहे हैं। 11 फरवरी से पीतलनगरी से निर्यातक फेयर में पहुंचना शुरू कर दिए हैं। अमेरिका के खरीदारों ने फोन से संपर्क करना शुरू कर दिया है। 14 फरवरी को फेयर का उद्घाटन किया जाएगा।
00
निर्यातक बोले
-टैरिफ घटने की वजह से माहौल अच्छा बना हुआ है। 50 प्रतिशत की टैरिफ घटाकर घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा से निर्यातकों में खुशी का माहौल है। वह दिल्ली फेयर में अच्छे आर्डर मिलने की उम्मीद लगा रहे है। निर्यातकों के लिए 2026 का साल अच्छा रहेगा।- सतपाल, सचिव, द हैंडीक्रॉफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
-हस्तशिल्प उत्पादों का निर्यात सबसे ज्यादा अमेरिका होता है। आगामी हस्तशिल्प उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा की वजह से निर्यातकों को अच्छे आर्डर मिलने की उम्मीद है। खरीदारों के फोन आने शुरू हो गए हैं।-विकास अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट, मुरादाबाद एसईजेड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
-दो महीने से फेयर की तैयारियां चल रही है। टैरिफ घटने से निर्यातकों को अधिक से अधिक आर्डर मिलने की संभावना है। इस बार नए हस्तशिल्प उत्पाद के सैंपल को स्टाल पर सजाया जाएगा। लकड़ी, लोहा और एल्युमिनियम के उत्पाद सस्ते होने की वजह से इसकी मांग ज्यादा रहती है।-विवेक अग्रवाल, संचालक, जेएमडी विवेक इंटरनेशनल