बिलारी (मुरादाबाद)। प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि राजनीतिक सफलता पाने के लिए सभी से समन्वय बनाना जरूरी है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार में सभी का समान रूप से विकास हो रहा है।
एमएसएमई मंत्री रविवार दोपहर सिरसी रोड स्थित सिरोही मिलन विहार सभागार में अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा बिलारी की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने अपने संबोधन में जाट समाज के लोगों से कहा कि वह आपसी विवाद दूर करें और समाज के दो पक्षों में मनमुटाव सामने आने पर एक की मदद न करके दोनों को समझाएं। उन्होंने कहा कि जाट समाज बीते लगभग बीस वर्ष से भाजपा को वोट देता चला आ रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की नीतियों को भी सराहा।
एमएसएमई मंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा पारदर्शी विद्युत वितरण व्यवस्था बनाई गई है। साथ ही लाभार्थी परक योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को समान रूप से मिल रहा है और सभी क्षेत्रों का समान रूप से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति में अकेली बिरादरी से सफलता नहीं मिल सकती, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों की वजह से चीनी का आयात हुआ। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पीडीए की बात करने वाले अपने समय में केवल परिवार के विकास तक सीमित रहे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि छोटे उद्योग लगाकर व्यापारिक क्षेत्र में आगे बढ़ें।
समारोह की अध्यक्षता उद्योगपति चौधरी विजयपाल सिंह और संचालन जाट महासभा के जिलाध्यक्ष चौधरी भूरे सिंह फौजी ने किया। समारोह में मंचासीन जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शैफाली सिंह, पूर्व एमएलसी चौधरी चंद्रपाल सिंह, पूर्व एमएलसी परमेश्वरलाल सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाशपाल, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन वीरभान सिंह, भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश सैनी, चौधरी ऋषिपाल सिंह, जाट महासभा के तहसील अध्यक्ष राजवीर सिंह, गन्ना समिति बिलारी के सभापति चौधरी विजय सिंह, मंगलसेन सैनी, सुनील लाठर, भयराज सिंह, राजबहादुर सिंह आदि माैजूद रहे।
इन्होंने किया स्वागत
एमएसएमई मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह का स्वागत करने वालों में चौधरी राजवीर सिंह, चौधरी अजयपाल सिंह, रानू चौधरी, मंजू चौधरी, शीतल प्रताप सिंह, सुधीर कुमार सिंह, शोभित चौधरी, भयराज सिंह, रामफल सिंह, चंद्रविजय सिंह, आशु बालियान, विक्की चौधरी, अंकुर चौधरी आदि मुख्य थे। एमएसएमई मंत्री ने बिलारी क्षेत्र के चार प्रगतिशील किसानों और युवा उद्यमी निर्देश उर्फ मोनी चौधरी सहसपुर, राजवीर सिंह अभनपुर, आरेंद्र बड़गौती सरकड़ा हरोरा और अर्जुन सिरोही टांडा अमरपुर को शील्ड देकर सम्मानित किया। समारोह में तहसील के विभिन्न ग्रामों से आए जाट समाज के लोगों की भारी भीड़ जुटी। अंत में समारोह आयोजक जाट महासभा बिलारी के तहसील अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया।