मुरादाबाद में सभा में भाषण देते सांसद वरुण गांधी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में ऐसी राजनीति को जन्म देना चाहता हूं जिससे समाज के कमजोर व्यक्ति को भी उसका हक मिले। नफरत नहीं, प्यार की राजनीति हो। यूपी में नौकरी बेची जा रही है। पुलिस और अफसर जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं। बेटियां असुरिक्षत हैं। यह पाप है। इसी जन्म में पाप पूरा होता है।
मैं पुण्य करने के लिए राजनीति में आया हूं। गरीब, किसान, शिक्षित बेरोजगारों की पीड़ा का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने ढाकी गांव की जनसभा में यह बात कही। वह यहां तंगहाली से खुदकुशी करने वाले तीन किसानों के परिजनों को आर्थिक मदद देने आए थे। इससे पूर्व शहर के पीलीकोठी चौराहे पर वरुण गांधी का स्वागत मंच भीड़ के दबाव से टूट गया जिससे भगदड़ मच गई।
वरुण गांधी ने कहा कि जब जनता का उत्पीड़न रुकेगा तभी प्रदेश आगे बढ़ेगा। जैसा सपना मैं अपनी एक वर्ष की बेटी के लिए देखता हूं, वैसा ही सपना खुदकुशी करने वाले मजदूर राजकुमार के बच्चों के लिए भी देखता हूं। गरीबों को अंग बेचने पड़ रहे हैं। बुंदेलखंड में लोग घास खाकर जी रहे हैं।
मात्र 40 हजार कर्ज लेने वाला किसान दबाव के चलते खुदकुशी को मजबूर है। 10 हजार करोड़ कर्ज लेकर लोग मौज कर रहे हैं। यूपी में इतनी बेरोजगारी है कि पीएचडी कर युवा सफाई कर्मी की नौकरी का आवेदन करने को मजबूर है। उन्होंने यूपी में नेतृत्व को दिल में इंसानियत पैदा करने की नसीहत भी दी।