गजरौला में भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए नगर के दिव्यांग राहुल गुर्जर ने ट्रॉली में चटाई और उसके ऊपर पन्नी बिछाकर पानी भर दोस्तों संग स्वीमिंग पूल का आनंद लिया। पानी को अधिक ठंडा करने के लिए उसमें बर्फ की सिल्ली भी डाल दी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में बनाए स्वीमिंग पूल में ही छोले, चावल एवं भटूरे का आनंद लिया। इसका वीडियो वायरल हो गया है। मोहल्ला मायापुरी निवासी जन सेवा केंद्र संचालक एवं नगर पालिका के पूर्व सभासद प्रत्याशी राहुल गुर्जर दिव्यांग हैं।
उन्होंने अपने दोस्त विनोद कश्यप और घनश्याम सैनी के साथ मिल कर भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए कुछ अलग करने की सोची। उन्होंने अपने परिचित से ट्रैक्टर ट्रॉली मांगी।
जिसमें मनदीप उपाध्याय, कपिल सागर, बबलू सैनी, अर्जुन सैनी, चरन सिंह के साथ मिलकर सबसे पहले ट्राॅली में चटाई और उसके बाद उसमें पन्नी बिछाई। राहुल गुर्जर ने अपना सबमर्सिबल चलाकर उसमें पानी भरा।
पानी में शीतलता बनाने के लिए बर्फ की तीन सिल्ली डाल दी गई। इसके बाद दोस्त से कहकर ट्रैक्टर स्टार्ट कराया। उस पर अकेला चालक रह गया। बाकी लोग पानी से भरी ट्रॉली में बैठ गए।
उसमें बेंच भी लगा दी गई। साथ ही भटूरे, छोले, चावल मंगवा लिए। ट्रैक्टर ट्रॉली को फाजलपुर रेलवे फाटक से बुधबाजार चौराहा तक घुमाया। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ट्रैक्टर ट्रॉली में बनाए स्वीमिंग पूल का आनंद लिया।
गर्मी से निजात पाई। जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया। इस दृश्य को मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।