ठाकुरद्वारा। नगर में बुधवार को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से कोतवाली तिराहे पर पूरे दिन जाम लगा रहा।
इस स्थिति के चलते लोगों को वहां से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोतवाली तिराहे और कोर्ट रोड को नगर पालिका ने अवैध पार्किंग जोन घोषित कर रखा है लेकिन तीन वर्ष बाद भी नगर पालिका अपने निर्णय को लागू नहीं करा पाई है।
नगर पालिका ने कोतवाली किराए तिराहे पर अवैध पार्किंग जोन का नोटिस भी लगा रखा है। जिसमें लिखा गया है कि यहां पर गाड़ी खड़ी करना मना है। पकड़े जाने पर 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा लेकिन नगर पालिका ने तीन वर्ष में दो या तीन बार यहां पर अभियान चलाया। पकड़े गए वाहनों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। कोतवाली तिराहे से कोर्ट रोड और सेंट्रल बैंक रोड पर सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। जिससे यहां पर जाम लगता रहता है।
इसके अलावा कोतवाली तिराहे पर काफी अतिक्रमण भी है। इस स्थिति के चलते बुधवार को यहां पूरे दिन जाम लगा रहा। जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी का कहना है कि नगर में शीघ्र पार्किंग व्यवस्था लागू होगी। जिसका ठेका दिया जाएगा और सड़क पर खड़े वाहनों से पार्किंग शुल्क और जुर्माना वसूला जाएगा। संवाद