मुरादाबाद। भोजपुर थानाक्षेत्र के तेलियों वाली मिलक में मीटर चेक करने गई बिजली विभाग टीम पर हमला किया गया। किसी तरह टीम में शामिल कर्मचारियों ने अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कटघर थाना क्षेत्र के कमला विहार निवासी सचिन ठाकुर ने भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें सचिन ठाकुर ने बताया कि वह बिजली विभाग में कार्यरत है। 11 जनवरी की दोपहर करीब ढाई बजे वह मीटर रीडर उदयपाल, केतन सैनी के साथ मीटर की चेकिंग भोजपुर थाना क्षेत्र के तेलियों वाली मिलक गांव गए थे। टीम नसरीन के घर लगे बिजली मीटर से बिल निकाल रही थी। इसी दौरान नसरीन के पति फरमान आ गया और उसने टीम के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। टीम में शामिल कर्मचारियों ने विरोध किया तो फरमान ने अपने परिवार के सऊद, निजाम व नूर को बुला लिया और टीम पर हमला कर दिया। किसी कर्मचारियों ने वहां से भागकर जान बचाई। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी है।