अगवानपुर। बिजली के मीटर से गलत बिल निकलना आम बात हो गई है। इससे इतर हैरान करने वाले कुछ मामले ऐसे भी हैं, जहां उपभोक्ता को कनेक्शन कटाने के दो साल बाद भी बिल प्राप्त हो रहा है। अगवानपुर बिजलीघर में सोमवार को हिमगिरि कॉलोनी निवासी उपभोक्ता सर्वेश शर्मा यही शिकायत लेकर पहुंचे।
उपभोक्ता ने बताया कि हिमगिरि कॉलोनी में वह जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उनका पैतृक आवास भटावली में है। भाइयों से बंटवारे के बाद से उनका मकान बंद है। इसके बाद उन्होंने बिजली का मीटर हटवा दिया था। इसके बावजूद कागजों में उनका कनेक्शन चलता रहा। दो साल के बाद करीब 22 हजार का बिल उन्हें थमा दिया गया था। उपभोक्ता ने 20 नवंबर 2023 को एक मुश्त समाधान योजना के तहत बिल का भुगतान कर दिया था। भुगतान के दो दिन बाद उसने निगम को फिर से कनेक्शन कटवाने का प्रार्थना पत्र भी दिया। अब छह माह बाद फिर उन्हें 1400 रुपये का बिल निगम की ओर से थमा दिया गया है। एसडीओ आदित्य प्रकाश सिंह ने बताया कि उनके पास प्रार्थना पत्र आया था। जांच कराई जा रही है।