पुलिस ने सोमवार को स्योहारा रोड पर फीका नदी के पुल पर चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को चोरी की कार सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उत्तराखंड के काशीपुर से चोरी की गई बाइक भी बरामद की है। पूछताछ में एक बदमाश ने बताया कि वह 12वीं पास है और आगे की पढ़ाई करना चाहता है।
सुरजन नगर निवासी सुनील कुमार की ईको कार एक जून को चोरी हो गई थी। कार की तलाश में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस स्योहारा रोड पर फीका नदी के पुल पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच पुलिस को एक ईको कार जाती दिखाई दी। पुलिस ने कार का पीछा किया तो कार सवार कार को ठाकुरद्वारा जाने वाली सड़क पर लेकर भागने लगे। गांव गुलाब नगर के पास बदमाशों की कार सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। जिससे कार में सवार एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने कार को घेरकर उसमें सवार दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। वहीं दोनों बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने उत्तराखंड के काशीपुर से चोरी की गई बाइक भी गांव भायपुर के जंगल में ईख के खेत से बरामद किया।
घायल बदमाश थाना छजलैट के गांव डांडी महमूदपुर निवासी सचिन कुमार को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके एक पैर में चोट लगी है। वहीं दूसरा बदमाश बिजनौर जिले के थाना स्योहारा के गांव टांडा बरखेड़ा निवासी कपिल कुमार है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से 12 बोर के दो तमंचे और कारतूस भी बरामद किए। दोनों के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज है।
सीओ राजेश कुमार तिवारी ने भी दोनों बदमाशों से पूछताछ की। बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सुरजननगर पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह भाटी, उप निरीक्षक ज्योतिष कुमार, हेड कांस्टेबल राममोहन शर्मा एवं विपिन कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल है। चोरी की कार के साथ गिरफ्तार बदमाश सचिन कुमार ने बताया कि वह 12वीं पास है और आगे की पढ़ाई करना चाहता है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह मजदूरी भी करता है। उसके पिता के पास एक बीघा जमीन है।