महानगर में शुक्रवार को दिन भर उपभोक्ताओं ने बिजली संकट झेला। दिन में चार घंटे लगातार कटौती ने पसीने छुड़ा दिए। वहीं कई स्थानों पर लोकल फाल्ट से बिजली आपूर्ति ठप रही। 132 केवी बिजलीघर कांठ रोड में ब्रेकर फुंकने से तो पीलीकोठी और बसअड्डे के पास फाल्ट ने आपूर्ति ठप कर दी। बिजली को लेकर लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
महानगर में 22 घंटे बिजली आपूर्ति के शासनादेश के बाद भी 15-16 घंटे बमुश्किल बिजली मिल पा रही है।
कभी रात में बिजली नींद हराम करती तो कभी दिन में पसीने छुड़ा देती है। शुक्रवार को दिनभर में कई बार बिजली की ट्रिपिंग से लोग परेशान रहे। इसी बीच दोपहर करीब दो बजे गुल हुई बिजली शाम को छह बजे के बाद आई। चार घंटे बिजली नहीं आने से लोग पसीना पसीना हो गए। क्योंकि शुक्रवार को और दिनों की उपेक्षा तापमान अधिक रहने से ज्यादा दिक्कत हुई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि इमरजेंसी कटौती होने कारण बिजली शाम तीन से पांच बजे तक ठप रही।
उधर बस अड्डे के सामने तारों में फाल्ट होने से आपूर्ति प्रभावित हो गई। गुरुवार शाम बस अड्डे के सामने लगी भीड़ में फाल्ट होने के बाद भगदड़ मच गई। पीली कोठी पर भी तारों में फाल्ट से लाइन डिस्टर्व हो गई, जिससे इलाके में आपूर्ति गुल हो गई। दोपहर में कांठ रोड स्थित 132 केवी बिजलीघर में ब्रेकर खराब होने से आपूर्ति ठप हो गई। करीब दो घंटे आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ता परेशान हो गए। वहीं दिल्ली रोड पर भी दिन में कई घंटे ट्रिपिंग और बिजली कटौती से लोग जूझते रहे।
रामगंगा विहार में भी प्रभावित रही आपूर्ति
रामगंगा विहार में एबीसी बदले जाने से बिजली आपूर्ति ठप रही। यहां अवंतिका आदि कई कालोनी में बिजली आपूर्ति कई घंटे प्रभावित रही। एबीसी बदले जाने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। अवंतिका में कई दिन से बिजली की दिन में कटौती से लोगों में आक्रोश है। उधर झब्बू का नाला क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबिल में फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे कई घंटे बिजली नहीं आई।
लोकल फाल्ट फिर बने मुसीबत
महानगर में बिजली कटौती के साथ ही लोकल फाल्ट एक बार फिर मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। जितने समय कटौती नहीं हो रही है उससे ज्यादा लोकल फाल्ट बिजली को उड़ा ले जा रहे हैं। जबकि पिछले सप्ताह समीक्षा बैठक लेने आए एमडी अभिषेक प्रकाश ने लोकल फाल्ट रोकने के सख्त निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बाद भी लोकल फाल्ट नहीं रुक पा रहे हैं।