मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के चक्कर की मिलक में शनिवार सुबह चेकिंग करने पहुंची बिजली टीम को लोगों ने दौड़ा लिया। टीम बिना फोर्स के कालोनी में चेकिंग करने पहुंची थी। इस घटना में अधिशासी अभियंता का मोबाइल टूट गया। इस मामले में जेई की ओर से थाने में केस दर्ज कराया गया है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी के निर्देश पर बिजली चोरी रोकने को छापेमारी की जा रही है। शनिवार सुबह साढ़े चार बजे अधिशासी अभियंता द्वितीय अशोक कुमार, एसडीओ गौरव कुमार, जेई संतोष कुमार और लाइन मैन व संविदा कर्मचारियों के साथ बिजली चेकिंग करने चक्कर की मिलक में पहुंचे थे। यहां एक ई रिक्शा में बिजली की चोरी से चार्ज किया जा रहा था। इसके अलावा भी कई घरों में सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। टीम को देखते ही बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। टीम ने कई घरों में बिजली चोरी पकड़ ली। इसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और टीम को घेर लिया। बिजली अधिकारी व कर्मचारियों ने साथ धक्का मुक्की की गई। इस धक्का मुक्की में अधिशासी अभियंता दीपक कुमार का मोबाइल टूट गया।
फोर्स न होने की वजह से टीम ने वहां से दौड़ लगा दी। अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि 35 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई है। सभी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है।
चोरी की बिजली से चलता मिला आरओ प्लांट
मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के सरोज सिनेमा कांपलेक्स में आरओ प्लांट चोरी की बिजली से चलता मिला है। एक्सईएन प्रथम ललित कुमार के नेतृत्व में यहां छापेमारी की गई। जबकि 24 दुकानों में केबिल में कट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा डिविजन थर्ड में 103 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई है।