आरएसएस के स्पेशल ट्रेनिंग कैंप में हाजिरी देने मुरादाबाद पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने रविवार को जोर देकर कहा कि इखलाक के परिवार के खिलाफ गोहत्या की रिपोर्ट दर्ज होगी और सूबे के सीएम इसे रोक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तुष्टिकरण में अंधे होकर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रिपोर्ट में अड़ंगा डालेंगे तो कोर्ट के दरवाजे खुले हैं।
मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र में मंगूपुरा स्थित कृष्णा बाल विद्या मंदिर में चल रही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओटीसी में हिस्सा लेने के बाद केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि लैब रिपोर्ट से साफ हो गया है कि इखलाक के घर से मिला मीट गाय का था। बोले, ये रिपोर्ट केंद्र सरकार की नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश की ही लैब की है। लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तुष्टिकरण की वजह से अपनी ही लैब की रिपोर्ट को झुठला रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इखलाक के घर से चार किलो गोमांस मिला यानी गाय की हत्या हुई थी और ये मीट बाकी घरों में भी बंटा होगा। लिहाजा इखलाक के परिवार समेत बाकी लोगों पर भी गोहत्या का केस दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के चाहने से कुछ नहीं होगा, वह कानून से ऊपर नहीं हैं। अदालत अपना काम करेेगी और इखलाक के परिवार पर गोहत्या की रिपोर्ट दर्ज होकर रहेगी, क्योंकि लैब की रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल हो चुकी है।