मुरादाबाद। जिले में कृषि विभाग की ओर से प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्री जंक्शन) योजना के तहत आठ वन स्टाप शॉप (कृषि केंद्र) खुलवाई जाएंगी। प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा और किसानों को एक ही दुकान पर कृषि और पशुपालन संबंधी सभी वस्तुएं मिल जाएंगी। युवाओं से 30 मई तक निशुल्क आवेदन मांगे गए हैं।
उप निदेशक (कृषि) संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में फसल उत्पादों के लिए कृषि केंद्र (एग्री जंक्शन) पर सभी सुविधाएं वन स्टॉप शॉप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि एग्रीजंक्शन की स्थापना के लिए बेरोजगार युवा अपना आवेदन पत्र कृषि विभाग की वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in/Agrijunction पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
किसी आवेदक को यदि कोई अन्य जानकारी चाहिए तो वह उप कृषि निदेशक कार्यालय के मबाइल नंबर-8532979968, 8126773108 पर कार्यदिवस के दौरान संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग की ओर से एग्रीजंक्शन संचालक युवाओं को खाद, बीज, पेस्टीसाइड का लाइसेंस तो मिलेगा ही, इस बार दोगुना दुकान का किराया भी मिलेगा। ऋण भी दिलाया जाएगा।
यह होनी चाहिए योग्यता
मुरादाबाद जिले के 40 साल तक के बेरोजगार कृषि स्नातक या कृषि व्यवसाय प्रबंधन स्नातक जो कृषि एवं सहबद्ध विषयों, या फिर उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशुचिकित्सा, मुर्गी पालन आदि गतिविधियों पर आईसीएआर या यूजीसी से मान्यता प्राप्त किसी विश्वविद्यालय से डिग्रीधारी हैं वह पात्र होंगे। अनुभव प्राप्त डिप्लोमाधारी/कृषि विषय में इंटरमीडिएट योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों पर विचार किया जा सकता है।
-
एफपीओ को मिलेगी मक्का ड्रायर मशीन
उप निदेशक (कृषि) संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुरादाबाद जिले कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) जो मक्का ड्रायर मशीन का संचालन करना चाहते हैं वह अपने लेटरहेड पर 18 मई तक प्रस्ताव दे सकते हैं। इसकी सूचना कृषि निदेशालय लखनऊ को भेजी जाएगी।