चुनाव आयोग ने बिलारी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने में नाकाम रिटर्निंग आफिसर/ एसडीएम बिलारी मोइन उल इस्लाम, तहसीलदार वीके कुशवाहा और बिलारी एसओ यशपाल सिंह को सोमवार देर रात हटा दिया। ठाकुरद्वारा के एसडीएम आईएएस (प्रोबेशनर) गौरांग राठी को चुनाव आयोग ने बिलारी उपचुनाव में नया आरओ नियुक्त किया है। आयोग का आदेश मिलते ही तीनों अधिकारियों को तत्काल उनके पदों से हटा दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने चुनाव आयोग से इन तीनों अधिकारियों की शिकायत की थी। भाजपा नेताओं का आरोप था कि सरकार के दबाव में ये तीनों अधिकारी सपा प्रत्याशी को लाभ पहुुंचा रहे हैं। सपा प्रत्याशी और समर्थक खुलेआम आदर्श आचार संहिता की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शिकायत पर जांच कराने के बाद चुनाव आयोग ने पाया कि एसडीएम, तहसीलदार और एसओ की भूमिका निष्पक्ष नहीं है।
जिसके बाद सोमवार देर रात चुनाव आयोग ने एसडीएम बिलारी मोइन उल इस्लाम, तहसीलदार वीके सिंह और एसओ यशपाल सिंह को हटाने के आदेश जारी कर दिए। जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर ने पुष्टि की है कि चुनाव आयोग के आदेश पर एसडीएम, तहसीलदार और एसओ को हटा दिया गया है। डीएम ने बताया कि आयोग के आदेश पर आईएएस गौरांग राठी को बिलारी उपचुनाव में नया रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है।