शहर में जानलेवा बीमारियां बांट रहे इलेक्ट्रानिक कचरे के तीन गोदाम मंगलवार को पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सील कर दिए। हालांकि गोदाम मालिक छापामारी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे।
पुलिस ने ई कचरे के गोदामों की तलाश में रहमत नगर में करीब दो घंटे तक सर्च आपरेशन भी चलाया। इस दौरान तीन गोदामों को सील करने के साथ ही पुलिस ने एक ट्रक को सीज भी किया है। शहर में कटघर, मुगलपुरा और नागफनी एरिया में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रानिक कचरा जलाया जाता है।
जिसकी वजह से जहरीली गैसें हवा में घुलकर पब्लिक को गंभीर व जानलेवा बीमारियां बांट रही हैं। जिन इलाकों में इलेक्ट्रानिक कचरा जलाया जाता है वहां का पानी भी दूषित हो चुका है। तीन साल पहले संभल रोड पर करुला- जयंतीपुर में स्थित 27 हैंडपंपों को इसीलिए सील कर दिया गया था।
इन हैंडपंपों का पानी इलेक्ट्रानिक कचरे की वजह से पीने योग्य नहीं रह गया था। इसके बावजूद पुलिस संरक्षण में इलेक्ट्रानिक कचरे को जलाने का काम धड़ल्ले से चल रहा है। नागफनी, मुगलपुरा और कटघर में इलेक्ट्रानिक कचरे के तमाम गोदाम हैं।
इन गोदामों से इलेक्ट्रानिक कचरा ले जाकर उसे रामगंगा किनारे जलाया जाता है। सीओ कटघरविजय प्रताप यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह दस बजे प्रदूषण नियंत्रण टीम के साथ कटघर पुलिस की टीम ने शहर की आबोहवा खराब कर रहे ई-कचरा के गोदामों की तलाश में छापेमारी की।
इसके तहत तीन गोदामों को सीज कर दिया गया है, जिनमें भारी मात्रा में ई-कचरा बरामद हुआ है। इसके अलावा गोदाम में ई-कचरे से भरा एक ट्रक भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।
तीनों गोदाम मालिकों की तलाश की गई लेकिन उसका सुराग नहीं मिला है, उनके खिलाफ कटघर थाने में अवैध रूप से ई-कचरा गोदाम खोले जाने पर पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीनों आरोपियों के नाम नफीस, अनीस और राहत हैं, सीज किए गए गोदाम इन्हीं तीनों आरोपियों के हैं। तीनों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।