मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में कारोबारी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने साढ़े आठ लाख की धोखाधड़ी की है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
रामगंगा विहार आस्था कॉलोनी फेज -2 निवासी मदनलाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेसर्स पुजारा मेडिकोज नाम से उनकी फर्म है। फर्म में दवाइयों का कारोबार उनका बेटा नीरज पुजारा करता है। कारोबार जीएमडी रोड कुटिया वाली गली निवासी माधव मेडिकल एजेंसी के मालिक अक्षय प्रताप सिंह और उसके पिता आनंद कुमार से हो रहा था। इस दौरान दोनों ने साढ़े आठ लाख रुपये की दवा उधार लिए। काफी मांगने पर अक्षय टाल मटोल करता रहा। इसके बाद व्यवसायी नीरज जब अक्षय के घर गया तो उन्होंने नकदी की जगह चेक थमा दिया। बैंक में चेक बाउंस हो गया। इस मामले की अक्षय और उसके पिता आनंद को नीरज ने जानकारी दी तो दोनों गाली गलौज के साथ धमकी देने लगे। व्यवसायी ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ डीआईजी और एसएसपी से भी की थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर अक्षय उसके पिता के खिलाफ तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस केस दर्ज कर लेनदेन के मामले की छानबीन कर रही है।