मुरादाबाद। रास्ते खराब व जगह-जगह बिजली के तार लटके होने की वजह से मुरादाबाद में डबल डेकर एसी ई-बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर के अंदर तक डबल डेकर एसी ई-बसें नहीं आ सकती हैं। इसकी वजह से डबल डेकर बसों का संचालन करना संभव नहीं है।
कटघर स्थित वर्कशाप में चार डबल डेकर एसी ई-बसें करीब एक महीने से खड़ी हैं। इन बसों का अभी तक संचालन नहीं किया गया है। बसों पर धूल मिट्टी जमी हुई है। परिवहन विभाग की ओर से इन बसों को बरेली रूट पर संचालित करने के लिए तैयारियां की जा रहीं थीं लेकिन इनका संचालन नहीं किया जा सका है। मुरादाबाद डिपो के फोरमैन गजेंद्र सिंह ने बताया कि डबल डेकर एसी ई-बसों को बरेली रूट पर चलाया जा सकता है लेकिन बसें बरेली शहर में नहीं जा सकेंगी। सड़कें सही नहीं है और रास्ते में बिजली के तार भी लटके हुए हैं। डबल डेकर एसी ई-बसें काफी ऊंची हैं। मोड़ सही नहीं होने की वजह से बसों के मुड़ने में भी काफी दिक्कत हो रही है। जब कंपनी से बसें आ रही थी तब उन्हें वर्कशाप तक आने में काफी समस्या हुई है। डबल डेकर एसी ई-बसों को मुख्यालय भेज दिया जाएगा।