पाकबड़ा। अमर उजाला की ओर से शनिवार को कृष्ण बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मंगूपुरा में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा व पुलिस व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां दीं।
एसपी देहात ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि कानून और अपने अधिकारों की भी सही जानकारी होनी चाहिए। पुलिस की पाठशाला जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता लाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही जानकारी के साथ पुलिस की मदद लेनी चाहिए। साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, नशा मुक्ति और बाल अधिकार जैसे विषयों पर भी उन्होंने विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उनसे सवाल भी पूछे। विद्यालय की छात्रा प्रियंशी, आंचल, मिनी, इशिका, अमन, समर्थ शर्मा, लकी सैनी, मोहित सहित अन्य विद्यार्थियों ने सवाल किए। इनमें पुलिस की कार्यप्रणाली, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, साइबर ठगी से बचाव और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े सवाल शामिल रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने और गलत गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक की ओर से मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया गया। पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में कानून के प्रति सकारात्मक सोच विकसित की और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित किया। विद्यालय में प्रश्नोत्तरी करने वाले छात्र और छात्राओं को एसपी देहात ने पुस्तक भेंट किए। इस दौरान विद्यालय के निदेशक ओम प्रकाश सिंह मौजूद रहे।