फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: न नल, न जल...मंडल में गांव-गांव सड़कों पर दलदल

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। वाह री अफसरशाही...हर आम-ओ-खास को घर-घर नल से जल का ख्वाब दिखाया लेकिन योजना को अंजाम तक पहुंचाने का जज्बा नहीं जगाया। यही वजह है कि मंडल में अब भी तमाम घर नल के इंतजार में हैं तो घरवाले टोंटी से पानी की धार के। इस इंतजार पर भारी पड़ रही है अधिकारियों की वो लापरवाही, जहां पाइप लाइन के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया। मंडल के हर जिले में गांव-गांव सड़कें कीचड़-जलभराव से जूझ रही हैं।
विज्ञापन


हैरान-परेशान ग्रामीण कह रहे हैं कि पानी मिला नहीं, सड़कें और हाथ से जाती रहीं। कीचड़ और दलदली सड़कों पर फिसलते लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि समीक्षा-दर-समीक्षा अक्सर जिलों के अफसर हजारों रुपये का सरकारी पेट्रोल-डीजल फूंककर मंडल मुख्यालय पहुंचते हैं। इन समीक्षाओं में सब चंगा सी... (सब ठीक है) के दावे करके स्तरीय जलपान के साथ मीटिंग खत्म कर दी जाती है। दूसरी ओर, जनता जूझती रहती है या धरना-प्रदर्शन करके भड़ास निकालती है।

इसी तरह के हालात के कारण महोबा में प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के सामने लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्सा इतना कि चरखारी के भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत को ही तमाम प्रधानों के साथ अपनी ही सरकार के मंत्री का काफिला रोकने पर मजबूर होना पड़ा। देखना होगा कि इस घटना से सबक लेकर नौकरशाह मंडल में सड़कें दुरुस्त कराने और हर घर नल पहुंचाने में गंभीरता बरतते हैं कि अब भी सब राम भरोसे छोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन

000
सड़कें खोदकर छोड़ीं...पानी पहुंचा नहीं
मुरादाबाद। जल जीवन मिशन के तहत जिले में 800 करोड़ की लागत से 564 ओवरहेड टैंक बनने हैं। 2020 में शुरू हुई इस योजना को 2025 में पूरा होना था। अभी तक फेज-2 में 180 में से 93 ओवरहेड टैंक ही बन पाए हैं। वहीं फेज-3 में 384 ओवरहेड टैंक बनने हैं लेकिन अभी तक किसी टैंक का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके लिए ग्राम पंचायतों की सड़कें खोद दी गई हैं। लेकिन अधिकांश गांवों में सड़काें की मरम्मत नहीं की गई। सड़क के बीचों बीच बने गड्ढों को कहीं मिट्टी तो कहीं रोड़े डाल कर छोड़ दिया गया है। जो बारिश से धंस गईं हैं। ऐसे में सड़कों पर बड़े गड्ढे बन गए है और कीचड़ हो गई है। ये हाल कुंदरकी, बिलारी, ठाकुरद्वारा, मूंढापांडे, भगतपुर समेत सभी ब्लाॅकों के गांवों का है।
000

बिलारी में सड़कें खोदकर भरना भूल गया जलनिगम
बिलारी। जल जीवन मिशन के तहत फेज एक और फेज दो में बिलारी ब्लॉक के 42 गांवों का चयन हुआ है। मुंडिया राजा गांव में दो साल पहले पाइप लाइन बिछाने को सड़कें खोद दी गईं। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। यही हाल ग्वारखेड़ा गांव का है। यहां करीब डेढ़ साल पहले सड़कें खोदी गईं। गांव हरपाल सिंह ने बताया कि न तो वाटर टेंक का निर्माण पूरा हो पाया और न ही उखड़ी सड़कें ठीक कराई गईं। शेरपुर माफी के प्रधान कुर्बान अली ने बताया कि आबादी की सड़कें उखड़ीं पड़ी है। आते जाते ग्रामीण गिरकर घायल हो रहे हैं।

000

निर्माण में मनमानी, मरम्मत पर नहीं ध्यान

ठाकुरद्वारा। ठाकुरद्वारा ब्लॉक क्षेत्र की 74 ग्राम पंचायत में से अधिकांश में अभी तक जल जीवन मिशन का काम पूरा नहीं हो सका है। अधूरे निर्माण से लोगों को परेशानी हो रही है। गांव कालेवाला में तो बोरिंग खोद कर छोड़ दिया गया है। बैजनाथपुर के प्रधान महेश सिंह का कहना है कि निर्माण में मनमानी की जा रही है। खोदाई के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई। निर्मलपुर में ओवरहेड टैंक का निर्माण काफी समय से अधूरा पड़ा है।

000

कहीं गड्ढे नहीं भरे तो कहीं मरम्मत नहीं

कुंदरकी। कुंदरकी ब्लॉक की 99 ग्राम पंचायतों में ओवरहेड वाटर टैंक बनाने का लक्ष्य मिला है। 572 गलियों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई हुई थी। खोदाई के बाद आधे से ज्यादा गांवों में गड्ढे नहीं भरे गए। जहां भरे गए वहां ऊपर से मरम्मत नहीं हुई जिससे से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

000

छह महीने पहले बनी सड़क खोद डाली

अगवानपुर। महलकपुर निजामपुर में करीब ढाई करोड़ की लागत से 2021 में नई सड़कें खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई। 900 घरों में कनेक्शन के बाद हर घर जल जीवन मिशन योजना से जोड़ा गया। लेकिन अधिकांश सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। सड़कें अभी टूटी पड़ीं हैं। पूर्वी मोहल्ले की छह महीने पहले बनी सड़क लीकेज की वजह से जगह जगह फिर से तोड़ दी गई।

महलकपुर के सुनील, रविंदर सिंह ने बताया कि छह महीने पहले बनी नई सड़क 25 से ज्यादा जगहों पर खोद दी गई। शेरुआ धर्मपुर निवासी अजीत कुमार ने बताया कि गलियों में सड़कें खोद दी गई। महीनों तक गड्ढों में पाइपलाइन नहीं डाली गई तो खुद ही गड्ढे पाटने पड़े।

000


बोले विधायक- लापरवाह हैं अफसर, फिर विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा
- नाै फरवरी से शुरू होने वाले सत्र में फिर से मुद्दा उठाने की तैयारी में जनप्रतिनिधि

अमर उजाला ब्यूरो

मुरादाबाद। जिले में गांव की सरकार की नुमाइंदगी करने वाले ग्राम प्रधान ही नहीं सदन में विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी जल जीवन मिशन की शिकायतों से परेशान हैं। विधायक जिले से लेकर सदन तक गांवों की टूटी सड़कों और जलापूर्ति का मुद्दा उठा चुके हैं। लेकिन समस्या जस की तस है। 19 फरवरी से शुरू होने वाले सत्र में जिले के विधायक फिर से इस मुद्दे को उठाने की तैयारी में हैं।

विधायकों काे कहना है कि गांवों से आने वाली शिकायतों में सड़कें खोदकर छोड़ दिए जाने और जलापूर्ति न होने के मामले अधिक होते हैं। क्षेत्र में यह मुद्दा गंभीर बनता जा रहा है। इस मुद्दे को जिले स्तर पर होने वाली बैठक में कई बार रखा जा चुका है।

000

- मैंने यह मुद्दा सदन में उठाया तो मुझे कसम खाने की बात कही गई। आज खुद सत्ता पक्ष के विधायक ने 50 ग्राम प्रधानों के साथ मंत्री के दावों की पोल खाेल दी और सच्चाई सामने आ गई। यह बड़ा घोटाला है। अधिकतर ठेकेदारों के भुगतान तक नहीं हुए हैं। जिससे कार्य अधूरा पड़ा है। बजट सत्र में फिर से यह मुद्दा उठाऊंगा। - मोहम्मद फहीम, बिलारी विधायक

000

- कई गांवों से शिकायतें मिलती हैं। बिजली और जल जीवन मिशन का मुद्दा सदन में भी उठा चुका हूं। साथ ही जिले की बैठकों में भी रख चुका हूं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। गांवों में सड़कें खस्ताहाल हैं। यह मुद्दा आगामी सत्र में भी सदन में उठाऊंगा। - नवाब जान, विधायक ठाकुरद्वारा

00

- हाल ही में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा उठाया था। सबसे ज्यादा शिकायतें जल जीवन मिशन से ही आती हैं। साथी विधायकों ने सदन में यह मुद्दा उठाया था। नाै फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र में मैं भी यह मुद्दा विधानसभा में रखूंगा। - हाजी नासिर कुरैशी, विधायक देहात

000

- विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में सड़कें खोदी गईं हैं। योजना के तहत हर घर जल नहीं पहुंचा है। इसमें अधिकारियों की लापरवाही है। इस मामले में प्रदेश के जल शक्ति मंत्री से शिकायत की गई है। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में शिवपुरी गांव का मामला उठाया था। - रामवीर सिंह, विधायक कुंदरकी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें