मुरादाबाद। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह और मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश के बीच बुधवार को सोनकपुर ओवरब्रिज और गोविंदनगर फुट ओवरब्रिज के संबंध में बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन के आपसी सहयोग से दोनों कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विचार विमर्श हुआ। सेतु निगम और रेलवे के इंजीनियरों के मध्य समन्वय से व्यवहारिक कठिनाईयों को दूर कराने पर भी विचार विमर्श हुआ।
गौरतलब है कि सोनकपुर और गोविंदनगर दोनों ओवरब्रिज चार वर्षों से लंबित हैं। अधिकारियों द्वारा बार-बार इनके निर्माण पूर्ण कराने को लेकर दावे दिए जा चुके हैं, लेकिन वे सभी खोखले साबित हुए। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्य को जल्दी पूरा कराने के उद्देश्य से इस वार्ता का आयोजन किया था।
इसके अलावा मुरादाबाद रेलवे यार्ड में बारिश के दौरान जलभराव के कारण सिगनलिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे एवं नगर निगम के इंजीनियरों के मध्य सीवरेज एवं ड्रेनेज में सुधार पर भी मंथन हुआ। इस बैठक में सीनियर डीसीएम (फ्रेट) मोनू लूथरा, सीनियर डीओएम नवीन कुमार, सीनियर डीईएन सी नीरज कुमार आदि रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।