मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली तलाकशुदा महिला को शादी का वादा करके एक युवक ने नौ साल तक उसका यौन शोषण किया। पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी उसे घर से खींचकर सड़क पर ले आया और पिटाई की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
30 वर्षीय पीड़ित महिला ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पति से उसका तलाक हो चुका है। करीब नौ साल पहले मझोला के चाऊ की बस्ती निवासी ललित कुमार से उसकी जान पहचान हो गई थी। आरोपी ने उससे शादी करने का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता जब भी शादी के लिए कहती थी आरोपी टाल मटोल कर देता था। पीड़िता ने जब शादी के लिए ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। उसे घर से खींचकर सड़क पर ले गया और पिटाई की। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।