कुंदरकी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने चकफाजलपुर गांव में हुए जमीन की रंजिश के चलते दो पक्षों में हुए विवाद में दो भाइयों समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम चकफाजलपुर निवासी जाहिद ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसके भाइयों में जमीनी विवाद चल रहा है। इस वजह से जाकिर और उसका परिवार उससे रंजिश रखता है। बीते 15 नवंबर की शाम लगभग छह बजे वह अपने घर पर था तभी आरोपी जाकिर और उनकी पत्नी मौसमा, भाई आबिद और दो बेटियां कुल्हाड़ी, हथौड़ा, गंडासा और लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि जब उसकी पत्नी इशरत जहां ने शोर मचाया तो उसके साथ भी मारपीट की गई जब बेटी ने बचाव किया तो उस पर भी हमला कर चोटिल कर दिया, शोर सुनकर बेटा रमीज घर आया तो उसके ऊपर पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया जिससे वह खुद और उसकी पत्नी और बेटे-बेटी के चोटें आईं। पुलिस ने पिता पुत्रों का सीएचसी में मेडिकल परीक्षण करा चुकी है। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।