मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में सोमवार शाम शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। बीच बचाव करने आए दूल्हे के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान बेल्टें और कुर्सियों से भी हमला किया गया। जिसमें पांच बराती घायल हो गए। दूल्हे के चेहरे पर भी चोट लगी है। इस घटना से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया। दोनों पक्षों के लोगों ने मामला शांत कराने के बाद शादी की रस्में पूरी कराई।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के मऊ गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी भोजपुर के गनीमत नगर निवासी युवक के साथ हुई है। सोमवार दोपहर आई थी। शादी समारोह का आयोजन बैंक्वेट हाल में किया गया। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब चार बजे बराती डीजे पर डांस करते हुए बैंक्वेट हाल तक पहुंच गए। इस दौरान डीजे बंद कर दिया गया था, जबकि बराती डीजे बजाने पर अड़ गए। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने बेल्टें और कुर्सियों से बरातियों पर हमला कर दिया। इस घटना से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। आरोप है कि हमलावरों ने दूल्हे, उसके भाई गुड्डू समेत अन्य बरातियों पर भी हमला किया। बरातियों ने 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। इसके बाद घायल मंजीत, मुन्ना, अमित को अस्पताल भिजवा दिया गया। दोनों पक्षों के लोगों ने मामला शांत कराने के बाद शादी की रस्में पूरी कराईं। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि बरात में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर मिलेगी तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।