बिलारी। नगर में पूर्व पालिकाध्यक्ष साहू सुनील सहाय के आवास पर रविवार दोपहर नागरिक परिषद बिलारी की बैठक हुई। इसमें आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। आगामी एक से सात सितंबर तक आयुर्वेदिक अस्पताल में पोषण अभियान चलाकर रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान की ओर से आयुर्वेदिक अस्पताल की भूमि पर अपनी निधि से एक कक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव देने पर चर्चा हुई। नागरिक परिषद ने तय किया कि विधायक द्वारा प्रस्तावित कक्ष छोटा रहेगा। एक बड़ा कक्ष और उसके आगे बरामदा बनवाने के लिए नागरिक परिषद की ओर से सपा विधायक को शीघ्र ही पत्र भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि गांधी पार्क पर हाईवे के किनारे रखे खोखे को हटवाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव से चर्चा हुई है। पालिकाध्यक्ष ने 15 दिन में समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। नागरिक परिषद बिलारी की ओर से आगामी दो अक्टूबर को गांधी पार्क पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पालिकाध्यक्ष साहू सुनील सहाय व संचालन डॉ. जितेंद्र दक्ष ने किया।
इस अवसर पर नागरिक परिषद के संरक्षक डॉ. राकेश रफीक, राकेश कुमार यादव, राकेश कुमार जैन, तिलकराज चांदना, लटूरी सिंह, रामअवतार सिंह, चौधरी हुकुम सिंह, एसके चुग, फैसल रजा अंसारी, हाजी माजिद हुसैन, डॉ. अनीस अहमद व किशनलाल प्रजापति आदि ने भी विचार रखे। संवाद