मुरादाबाद। बुधबाजार पुलिस चौकी के पास शुक्रवार शाम पर्दा कारोबारी अशोक कुमार को गोली नहीं मारी गई थी, बल्कि उन पर देशी बम से हमला किया गया था। ये देशी बम बारूद और कांच के टुकड़ों को मिलाकर तैयार किया गया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम की छानबीन में घटनास्थल पर मिले बारूद के कण व शीशे के टुकड़ों से इसकी पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र में ताड़ीखाना रोड स्थित कुमार कुंज निवासी अशोक कुमार का बुधबाजार पुलिस चौकी के पास पर्दे और गद्दे का शोरूम है। शोरूम के ऊपर ही उनके बेटे गोपाल साहू की पर्दे और गद्दे की दुकान है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे अशोक अपने शोरूम में बैठे थे। इस दौरान एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर पहुंचा। उसने अशोक से पर्दा दिखाने के लिए कहा था। अशोक पर्दा दिखाने के लिए उठे तो आरोपी ने थैले से कुछ सामान निकाला और अशोक कुमार के ऊपर फेंक दिया। तेज धमाका हुआ और अशोक कुमार घायल हो गए। इसी बीच हमलावर मौके से भाग निकला। इस घटना से सनसनी फैल गई थी और आस पड़ोस के दुकानदार भी अपने दुकान से बाहर निकल आए थे। सूचना मिलने पर बेटा गोपाल साहू और भतीजा निखिल भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद परिजन घायल अशोक कुमार को कॉसमॉस अस्पताल ले गए थे, जहां से कुछ देर बाद परिजन घायल को दूसरे सिद्ध हॉस्पिटल ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। एक्सरे रिपोर्ट से पता चला कि अशोक कुमार को गोली नहीं मारी गई थी। उनके शरीर में शीशे के छोटे छोटे टुकड़े धंसे हैं। इसके अलावा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर छानबीन की। टीम ने मौके से नमूने भी लिए। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर भी शीशे के छोटे छोटे टुकड़े मिले हैं। इसके अलावा बारूद के कण भी मिले हैं। पुलिस की जांच में साफ हो गया अशोक कुमार पर देशी बम से हमला किया गया था। बम बारूद और कांच के टुकड़ों से तैयार किया गया था। पुलिस ने ऐसे अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है जो देशी बम बनाते हैं और वारदात अंजाम देने में इसका इस्तेमाल करते हैं।
----------------------------------
बुधबाजार में पर्दा कारोबारी को गोली नहीं मारी गई थी। पटाखा बनाने वाले विस्फोटक पदार्थ (बारूद) और शीशे से तैयार देशी बम से हमला किया गया था। टीम ने मौके से बारूद के कण और शीशे के टुकड़े जुटाए हैं। जिन्हें जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
आलोक अग्रहरि, सीओ कोतवाली
---------------------------------------------------