मुरादाबाद। शहर में अंडरग्राउंड विद्युत लाइनों के फाल्ट उपभोक्ताओं और फिर विभाग के लिए मुसीबत बन गए हैं। संसाधनों की कमी और एसडीओ स्तर से लापरवाही के कारण शहर की अधिकांश अंडरग्राउंड लाइनें पांच माह से खराब पड़ी हैं। इस कारण ट्रांसमिशन बिजलीघर से उपभोक्ताओं को सप्लाई देनी पड़ रही है। लाइनपार के ढक्का बिजलीघर, गलशहीद, जीआईसी की अंडरग्राउंड लाइन अब भी क्षतिग्रस्त हैं।
पांच महीने पहले नगर निगम की जेसीबी से ढक्का की अंडरग्राउंड लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। विभाग ने तीन दिन तक मशक्कत की, लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हो सका। केबल ज्वाइंटिंग किट उपलब्ध न होने के कारण इसकी मरम्मत अब तक नहीं हो सकी है। मझोला के ट्रांसमिशन बिजलीघर से ढक्का, चाऊ की बस्ती के लोगों को सप्लाई दी जा रही है। इसी तरह शहर में गलशहीद, जीआईसी, सीतापुरी, शिवपुरी, बुद्धि विहार समेत 11 स्थानों पर अंडरग्राउंड लाइनें लंबे समय से खराब हैं। दो वर्ष पहले आईपीडीएस योजना के तहत लाखों रुपये खर्च कर ये लाइनें बिछाई गईं थीं, लेकिन उपभोक्ताओं को इनका लाभ अब तक मिल नहीं मिला है। वहीं, इन लाइनों के फाल्ट ठीक करना बिजली विभाग के लिए मुसीबत बन गई है। अब त्योहारों के दृष्टिगत इनकी मरम्मत की जा रही है। दरअसल बिजली विभाग ने गाजियाबाद की एक कंपनी को अंडरग्राउंड लाइन डालने और उसकी रखरखाव करने का ठेका दिया था। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि गाजियाबाद की इस कंपनी का ठेकेदार मरम्मत के लिए कभी नहीं आता।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अब मरम्मत प्रक्रिया शुरू हुई है। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार गोगानिया ने बताया कि अंडरग्राउंड लाइनों की मरम्मत के लिए कंपनी ने कार्य शुरू कर दिया है। ढक्का बिजलीघर के एसडीओ को केबल ज्वाइंटिंग किट मंगलवार को उपलब्ध करा दी गई है। एक दो दिन में ढक्का बिजलीघर से सप्लाई शुरू हो जाएगी।