बिलारी। नगर स्थित सरकारी अस्पताल के निकट कैंप कार्यालय में रविवार दोपहर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बिलारी नगर इकाई की मासिक बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने बिलारी नगर में अघोषित बिजली कटौती में सुधार होने, नगर के बाजार में दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने और क्षतिग्रस्त डिवाइडर ठीक कराने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि गर्मी में नगर के व्यापारियों को निर्धारित शेड्यूल की पूरी बिजली नहीं मिल पा रही है। निर्धारित शेड्यूल में दिन और रात में ब्रेकडाउन होने के अलावा अघोषित कटौती भी कर दी जाती है। कहा गया कि सरकारी अस्पताल रोड पर खेल मैदान की चहारदीवारी के निकट सड़क के बीच में खड़े विद्युत पोल को हटवाने की कई बार विद्युत अधिकारियों से मांग करने के बाद भी अभी तक पोल नहीं हट पाया है।
व्यापारियों ने बताया कि बिलारी नगर में शाहबाद रोड पर बने डिवाइडर पर चौधरी चरण सिंह पार्क के निकट कोई संकेतक नहीं होने के कारण वजह से शाहबाद से बिलारी की ओर आने वाले वाहन अक्सर डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं। जिससे वाहन काफी क्षतिग्रस्त होने के अलावा वाहन चालक भी चोटिल हो जाते हैं। व्यापारियों ने शाहबाद रोड वाले डिवाइडर पर बने अवैध कट शीघ्र बंद कराने और डिवाइडर शुरू होने के स्थान पर संकेत चिन्ह लगवाने की मांग उठाई गई।
बैठक की अध्यक्षता उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जैन और संचालन शिवओम गुप्ता ने किया। इस अवसर पर याद कुमार डुडेजा, दुष्यंत चौहान, सुरेंद्र कुमार चुग, सुधीर अग्रवाल, प्रदीप सिंघल, रमाकांत गुप्ता, नीरज रुहेला, शशांक जैन, राजेंद्र चुग, अभिषेक शर्मा, हाजी इकरार हुसैन, रनवीर सिंह व सलीम अहमद आदि रहे। संवाद