कांठ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ छजलैट ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी शिवम गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने बेसिक शिक्षकों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के निस्तारण की मांग की। एक ज्ञापन भी खंड शिक्षाधिकारी को सौंपा गया।
प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. कपिल सिरोही ने किया। शिक्षकों ने चयन वेतनमान प्रकरणों को प्रत्येक माह के अंत तक निस्तारित कराने की मांग की। यह वेतनमान 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूर्ण होने पर मिलता है। अंतरजनपदीय स्थानांतरण वाले शिक्षकों की ऑफलाइन सेवा पुस्तिकाएं अप्राप्त हैं। इनकी सूची तैयार कर बीएसए कार्यालय भेजने को कहा गया। इससे चयन वेतनमान, अवकाश और जीपीएफ लोन संबंधी समस्याएं हल होंगी। मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश विवरण में त्रुटियां दूर करने की भी मांग की गई।
संघ ने एनपीएस योजना से आच्छादित शिक्षकों की पास बुक तैयार कराने को कहा। इससे उन्हें प्रान खातों में जमा धनराशि की जानकारी मिल सकेगी। ओपीएस योजना के जीपीएफ खातों का विवरण भी ऑनलाइन अपलोड करने की मांग की गई। ताकि शिक्षक अपने वेतन विवरण की तरह जीपीएफ खाते भी देख सकें। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रतिनिधि मंडल को मांगों पर आश्वासन दिया है। इस अवसर पर संघ के तहसील प्रभारी दुष्यंत यादव, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, सर्मेंद्र कुमार सिंह, मेघराज सिंह, प्रभास उज्ज्वल, विवेक कुमार, धर्मेंद्र सिंह, जुबैर अहमद, तनवीर आलम, जुल्फिकार अहमद, भूपेंद्र यादव, गौरव चौधरी, जावेद अख्तर आदि रहे।