मैनाठेर। धर्म छिपाकर शादी करने पहुंचे दिल्ली के युवक की पहचान उजागर होने पर हंगामा हो गया। निकाह से आनाकानी करने पर युवक के नाम और धर्म का खुलासा हो गया। जिस पर युवती पक्ष के आपत्ति जताने पर वह अपने तीन दोस्तों के साथ लौट गया। हालांकि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कोई नहीं मिलने पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।
मामला मैनाठेर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर रात का है। क्षेत्र की एक युवती की फोन पर बातचीत दिल्ली के शाहदरा के रहने वाले एक युवक से डेढ़ साल पहले शुरू हुई। युवक अपना नाम और धर्म बदलकर युवती से बात करने लगा। उसने युवती से शादी करने की भी बात कर ली। जिस पर वह अपने तीन दोस्तों के साथ शुक्रवार देर रात युवती से शादी करने के लिए क्षेत्र के एक शादी हॉल में पहुंचा। युवती पक्ष ने यहां काफी इंतजाम किए थे। युवती पक्ष की ओर से परिजनों के अलावा काफी रिश्तेदार समारोह में शामिल हुए। मेहमानों की खातिरदारी के बाद निकाह की तैयारियां शुरू हुईं। इसी दौरान युवक के निकाह करने से आनाकानी करने पर उसका नाम और धर्म का खुलासा हो गया। इस पर युवती पक्ष ने आपत्ति जताई। जिस पर हंगामा हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तब तक युवक अपने दोस्तों के साथ वापस दिल्ली चला गया। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि युवक नाम और धर्म बदलकर युवती से शादी करने आया था। जिसका पता चलने पर युवती पक्ष ने आपत्ति जताई तो वह वापस चला गया। थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस मौके पर गई थी लेकिन युवती पक्ष की ओर से लिखित में कोई शिकायत नहीं की गई। अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।