मुरादाबाद। डीएम ने सर्किल रेट को लेकर 50 से अधिक आपत्तियों का निस्तारण किया लेकिन एमडीए द्वारा अधिग्रहीत गांवों के सर्किल रेट के मामले में निर्णय दो दिन के लिए टाल दिए। आपत्ति निस्तारण के बाद एक सितंबर से सर्किल रेट लागू किया जाएगा।
डीएम अनुज सिंह ने जिले की जमीनों के सर्किल रेट की आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान कांठ और ठाकुरद्वारा के अधिवक्ता संगठनों की आपत्तियों के बारे में स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एमडीए ने शिवालिक योजना के लिए 11 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया है। इस मामले में किसान नेताओं सहित छह लोगों ने सर्किल रेट बढ़ाने का अनुरोध किया है। डीएम ने इस मामले में दो दिन बाद विचार कर निर्णय लेने के लिए फाइल रख ली है। इसके अलावा अन्य शिकायतों का निस्तारण किया गया। एआईजी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 50 शिकायतों का निस्तारण किया गया है। अन्य शिकायतों का निस्तारण कर निर्धारित समय पर सर्किल रेट लागू किया जाएगा।