मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के मिलक काजी गांव में रविवार सुबह विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज की गई।
मिलक काजी गांव में विक्की की पत्नी संजना की रविवार सुबह उसके घर में ही संदिग्ध मौत हो गई। ससुरालियों की सूचना पर अमरोहा जनपद के थाना अमरोहा देहात अंतर्गत जलालपुर घना गांव निवासी संजना के मायके वाले भी गांव पहुंच गए। पहले तो काफी देर तक मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में कहासुनी होती रही। बाद में मायके वालों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह मिलक काजी गांव पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी के बुलावे पर नायब तहसीलदार डा. अरुण अग्रवाल ने शव का पंचनामा भरा और पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। विवाहिता के भाई आकाश कुमार की ओर से रविवार शाम कोतवाली में विवाहिता के पति विक्की के अलावा उसके दो अन्य भाइयों नन्हें और सोनू के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न होने को लेकर हत्या किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी 21 मार्च को विक्की के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।